15 Best News Portal Development Company In India

Ayodhya news:31 मई को अयोध्या में चलेगा स्वच्छता महाअभियान,महापौर बोले-हर परिवार दे 30 मिनट

SHARE:

अयोध्या,24मई( चौथा प्रहरी)। आगामी 31 मई को होने वाले स्वच्छता महाअभियान को लेकर नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। रविवार सुबह महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने साकेतपुरी और देवकाली इलाके में पदयात्रा निकालकर लोगों से अभियान में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर परिवार अगर सिर्फ 30 मिनट सफाई के लिए देगा तो पूरा शहर साफ-सुथरा और बेहतर बन सकता है।

अयोध्या में स्वच्छता अभियान के दौरान पदयात्रा निकालते महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी

महापौर की पदयात्रा सुबह 7 बजे साकेतपुरी पेट्रोल पंप से शुरू हुई। यह यात्रा साकेतपुरी कॉलोनी, देवकाली बाईपास और देवकाली पुलिस चौकी होते हुए बाईपास पेट्रोल पंप तक पहुंची। रास्ते में महापौर ने लोगों से मुलाकात की और 31 मई को होने वाले ‘एक रविवार, हर परिवार, करें गंदगी पर वार’ अभियान में भाग लेने का आग्रह किया।
अभियान के दौरान कई जगहों पर स्टिकर भी लगाए गए। इन स्टिकरों को स्कैन कर लोग ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। नगर निगम की टीम ने लोगों को अभियान से जुड़ने और अपने मोहल्ले की सफाई में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
महापौर ने कहा कि रविवार को घर और आसपास की सफाई के लिए निकाले गए 30 मिनट अयोध्या में स्वच्छता के प्रति लोगों की जिम्मेदारी को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर पूरा शहर एक साथ आगे आएगा तो इसका अच्छा संदेश देश और दुनिया तक जाएगा।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि अभियान में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ समेत कई पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। पदयात्रा में चंदन सिंह, सर्वजीत यादव, जगत नारायण यादव, मंसूर अहमद, सुनीता गुप्ता, हेमंत जायसवाल, आलोक द्विवेदी, डॉ. संजय तिवारी और अन्य लोग शामिल हुए।
इसी अभियान को लेकर शनिवार शाम सर्किट हाउस में शिक्षकों और खेल संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी हुई। महापौर ने सभी से 31 मई के अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि अयोध्या को सफाई के मामले में देश के टॉप टेन शहरों में शामिल करने के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग जरूरी है।
बैठक में शिक्षक नेता संजीव चतुर्वेदी, चक्रवर्ती सिंह, श्रीप्रकाश पाठक, योगेश्वर सिंह, सुनील अवस्थी और धर्मेंद्र सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
नगर निगम की ओर से 25 मई सोमवार को भी एक और पदयात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा फतेहगंज चौराहे से शुरू होकर चौक घंटाघर होते हुए गुदड़ी बाजार चौराहे तक जाएगी। इसके जरिए लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान को लेकर नगर निगम लगातार जनजागरूकता बढ़ा रहा है। आने वाले दिनों में शहर के अलग-अलग इलाकों में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस मुहिम से जुड़ सकें।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854