
अयोध्या में 31 मई को होने वाले स्वच्छता महाअभियान को लेकर सोमवार को बड़े स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने फतेहगंज चौराहा से गुदड़ी बाजार चौराहा तक पदयात्रा निकालकर लोगों से सफाई अभियान में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि 31 मई की सुबह 7 बजे हर परिवार अपने घर से निकले और सिर्फ आधा घंटा सफाई कर शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग दे।
यह पदयात्रा फतेहगंज चौराहा से शुरू होकर अकब बजाजा, चौक और गुदड़ी बाजार होते हुए आगे बढ़ी। रास्ते में लोगों से संपर्क किया गया और दुकानों व घरों पर स्टिकर लगाकर “एक रविवार, हर परिवार, करे गंदगी पर वार” अभियान का संदेश दिया गया। नगर निगम की टीम ने लोगों को 31 मई को होने वाले महाअभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

महापौर ने पदयात्रा के दौरान घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि अगर हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए तो अयोध्या को देश के टॉप टेन साफ-सुथरे शहरों में शामिल किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से परिवार सहित इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि केवल आधा घंटा सफाई करने से लोगों में स्वच्छता की आदत मजबूत होगी और शहर को साफ रखने का संदेश जाएगा। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि करीब एक घंटे चली पदयात्रा के दौरान ध्वनि विस्तारक वाहनों से भी लोगों को जागरूक किया गया। अभियान में शामिल होने के लिए फॉर्म भरने की जानकारी भी दी गई।
इस पदयात्रा में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, वरिष्ठ पार्षद अनिल सिंह, हरिश्चंद्र अग्रहरि, दीप कुमार, अनीता द्विवेदी, पूर्व सभापति राजेश गौड़, अजय पांडेय, ज्ञान केसरवानी, सामाजिक कार्यकर्ता विजय सिंह बंटी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर, हेमंत जायसवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, अमरेंद्र सिंह कर्फ्यू, नीलकमल अग्रवाल, सुबोध चतुर्वेदी, सतीश पांडे, प्रेमप्रकाश मिश्र, दीपांशु साहू, संजय साहू, पुर्णेन्द त्रिपाठी, आशीष कौर, रीना सिंह, रुचिरा सिंह, आलोक सिंह राना और श्रीनिवास शास्त्री समेत कई लोग मौजूद रहे।
नगर निगम की ओर से जानकारी दी गई है कि मंगलवार सुबह 7 बजे नियांवा चौराहा से रिकाबगंज चौराहा तक एक और जागरूकता पदयात्रा निकाली जाएगी। यह पदयात्रा आर्य कन्या गली होते हुए आगे बढ़ेगी। इसमें क्षेत्रीय पार्षदों और स्थानीय लोगों की भागीदारी रहेगी।
अगर बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़ते हैं तो आने वाले दिनों में अयोध्या की सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सामूहिक भागीदारी से शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में यह अभियान अहम कदम माना जा रहा है।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





