15 Best News Portal Development Company In India

भाजपा पर कांग्रेस का हमला, डॉ. सीपी राय बोले- मंत्रियों और विधायकों की संपत्ति की भी हो जांच

SHARE:

लखनऊ,29 मई(चौथा प्रहरी़)। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सी.पी. राय ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक खुद भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं और अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि अगर सरकार में साहस है तो भाजपा नेताओं की संपत्तियों की भी जांच कराई जाए।

लखनऊ में प्रेसवार्ता करते कांग्रेस नेता डॉ सीपी राय
प्रेसवार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बबलू और शहर कांग्रेस कमेटी उत्तरी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी भी मौजूद रहे।
डॉ. राय ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय हमेशा पीड़ितों के बीच पहुंचकर उनकी मदद और हालात की जानकारी लेने का काम करते हैं। उन्होंने महोबा की उस घटना का जिक्र किया जिसमें एक दलित छात्रा का अपहरण कर कई दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार का कोई प्रतिनिधि पीड़िता के घर नहीं पहुंचा, लेकिन जब अजय राय वहां जाने लगे तो प्रशासन ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके बावजूद वह पीड़िता के परिवार तक पहुंचे और मामले को उठाया।
डॉ. राय ने आरोप लगाया कि इसके बाद भाजपा सरकार बौखला गई और अजय राय के खिलाफ एआई जनरेटेड वीडियो फैलाया गया। उनका कहना था कि इस वीडियो के जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई कि अजय राय ने प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। कांग्रेस नेता ने इसे साजिश बताते हुए कहा कि इसी आधार पर फर्जी मुकदमा भी दर्ज कराया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेता अब लगातार प्रेसवार्ता कर अजय राय की संपत्ति की जांच की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि यह सब उनकी आवाज दबाने और राजनीतिक छवि खराब करने के लिए किया जा रहा है।
डॉ. राय ने कहा कि अजय राय का सार्वजनिक जीवन खुली किताब की तरह है। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के कई आरोप भी लगाए। उनका कहना था कि आगरा नगर निगम द्वारा निजी बिजली कंपनी टोरेंट के 430 करोड़ रुपये माफ किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बड़े पूंजीपतियों को फायदा पहुंचा रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश में मिड-डे मील, सड़क निर्माण, अस्पतालों की दवाइयों और मनरेगा तक में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। उन्होंने अयोध्या के विकास कार्यों और मंदिर चंदे में भी गड़बड़ी के आरोप लगाए।
डॉ. राय ने हमीरपुर में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 90 करोड़ रुपये की लागत वाला पुल आंधी तक नहीं झेल सका और हादसे में कई मजदूरों की जान चली गई। उनके मुताबिक यह भ्रष्टाचार का बड़ा उदाहरण है।
प्रेसवार्ता के अंत में डॉ. राय ने कहा कि कांग्रेस जांच से नहीं डरती। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे किसी भी एजेंसी से जांच करा ले, लेकिन उसी एजेंसी से भाजपा मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की भी जांच होनी चाहिए।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में और गरमा सकता है। कांग्रेस इस मामले को भ्रष्टाचार और विपक्ष की आवाज दबाने से जोड़कर जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है, जबकि भाजपा भी लगातार पलटवार कर रही है।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854