लखनऊ, 30 मई( चौथा प्रहरी)। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को नौसेना शौर्य वाटिका का लोकार्पण रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना को राष्ट्रभक्ति, सैन्य गौरव और युवाओं को प्रेरित करने वाले केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की पहचान और तस्वीर दोनों बदली हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि एक समय ऐसा था जब उत्तर प्रदेश की पहचान खराब कानून-व्यवस्था और गुंडाराज से जुड़ी रहती थी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की पहचान “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट” के जरिए देश और दुनिया में बन रही है। उनके अनुसार यह बदलाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व का परिणाम है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि नौसेना शौर्य वाटिका कोई सामान्य पर्यटन स्थल नहीं है। यह ऐसा स्थान होगा जहां आने वाली पीढ़ियां देश की सुरक्षा और स्वतंत्रता के लिए सैनिकों के योगदान को समझ सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह स्थल लखनऊ में राष्ट्रभक्ति और सैन्य सम्मान की भावना को और मजबूत करेगा।
करीब दो एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित यह परियोजना नौसेना शौर्य संग्रहालय के दूसरे चरण का हिस्सा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि यह वाटिका लखनऊ के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगी और पर्यटन को भी बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि लखनऊ अब केवल तहजीब और संस्कृति का शहर नहीं है, बल्कि राष्ट्रभक्ति और सैन्य गौरव का भी प्रतीक बन रहा है।
अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था में हुए बदलाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले निवेशक उत्तर प्रदेश में निवेश करने से बचते थे क्योंकि उन्हें सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर चिंता रहती थी। लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और प्रदेश में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाना आसान काम नहीं है, लेकिन सरकार ने इस दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। आज उत्तर प्रदेश में विकास, निवेश और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़े बदलाव दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता भी इस परिवर्तन को महसूस कर रही है।
रक्षा मंत्री ने परियोजना के निर्माण कार्य का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस योजना को लेकर शुरू से सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए इकाना स्टेडियम के पास गोमती वेटलैंड से सटी प्रमुख भूमि उपलब्ध कराई गई। साथ ही सरकार ने समय पर बजट स्वीकृत किया और कार्य की लगातार निगरानी की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत रुचि और सरकार की सक्रियता के कारण यह परियोजना रिकॉर्ड समय में पूरी हो सकी। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार की सराहना की।
नौसेना शौर्य वाटिका के शुरू होने से लखनऊ को एक नया पर्यटन और प्रेरणा केंद्र मिलेगा। साथ ही यह स्थल युवाओं को भारतीय सेनाओं के साहस, बलिदान और राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





