15 Best News Portal Development Company In India

20 करोड़ से संवरा चिलुआताल, सीएम योगी बोले- बनेगा ईको टूरिज्म और वाटर स्पोर्ट्स का नया केंद्र

SHARE:

गोरखपुर, 02जून( चौथा प्रहरी) जनपद के चिलुआताल को नया पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को 20 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित चिलुआताल पर्यटन विकास परियोजना का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चिलुआताल को रामगढ़ताल की तर्ज पर ईको टूरिज्म और वाटर स्पोर्ट्स के बेहतरीन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

गोरखपुर के चिलुआताल पर्यटन स्थल का विकसित घाट और झील का दृश्य
लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के समय तालाबों और पोखरों पर कब्जे होते थे। कई जलाशय गंदगी और अपराध के केंद्र बन गए थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ उन्हें पर्यटन और जन उपयोग के केंद्र के रूप में विकसित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चिलुआताल में कोल इंडिया लिमिटेड के सहयोग से 20 मेगावाट क्षमता का फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगाने की योजना पर काम चल रहा है। उनके अनुसार इससे स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन होगा और शहर की बिजली जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना कार्बन उत्सर्जन कम करने और नेट जीरो लक्ष्य हासिल करने में भी सहायक होगी।
सीएम योगी ने चिलुआताल की प्राकृतिक विशेषताओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रामगढ़ताल में ट्रीटमेंट के बाद पानी पहुंचता है, जबकि चिलुआताल का पानी प्राकृतिक स्रोतों और जंगलों से होकर आता है। इसी वजह से इसकी प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय महत्व अधिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिलुआताल में वाटर स्पोर्ट्स की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने हाल ही में रामगढ़ताल में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर रोइंग चैंपियनशिप का उदाहरण देते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था दोनों को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित होने के बाद चिलुआताल भी प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने शहर के विकास और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अच्छा सिटी डेवलपमेंट प्लान शहर की सकारात्मक पहचान बनाता है। साथ ही नागरिकों से सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा, स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक मुक्त गोरखपुर के लिए सहयोग करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं को 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून विश्व योग दिवस तक स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और योग शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बड़े स्तर पर पौधरोपण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चिलुआताल घाट और नौका विहार क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट परिसर में हरिशंकरी (पीपल, बरगद और पाकड़) का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके अलावा उन्होंने चिलुआताल के पास निर्माणाधीन भजन संध्या स्थल का भी जायजा लिया। करीब 12.95 करोड़ रुपये की इस परियोजना को अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
समारोह में सांसद रवि किशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर तेजी से विकसित हुआ है और अब चिलुआताल भी पर्यटन तथा फिल्म शूटिंग के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। वहीं महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन से शहर का कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता नहीं रहा है।
चिलुआताल परियोजना का लोकार्पण गोरखपुर के पर्यटन मानचित्र को नया विस्तार देने वाला कदम माना जा रहा है। यदि प्रस्तावित वाटर स्पोर्ट्स सुविधाएं, सौर ऊर्जा परियोजना और अन्य विकास कार्य समय पर पूरे होते हैं, तो यह क्षेत्र न सिर्फ पर्यटन बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय रोजगार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।

 

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई