बलरामपुर, 6 जून(चौथा प्रहरी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह तुलसीपुर स्थित मां पाटेश्वरी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मां पाटेश्वरी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश के लोगों के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया और श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बलरामपुर दौरे पर पहुंचे थे। विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उन्होंने मां पाटेश्वरी मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम किया। शनिवार सुबह उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मां की आरती उतारी।
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं से मुलाकात की। उन्होंने लोगों का अभिवादन किया और मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और व्यवस्थाएं बेहतर बनी रहें।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित गोशाला का भी दौरा किया। उन्होंने गोवंश को गुड़ और हरा चारा खिलाकर सेवा की। स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और संत समाज के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की तथा क्षेत्र की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली।
दर्शन-पूजन कार्यक्रम में महंत मिथिलेश नाथ योगी, महंत रविंद्र दास, विधायक पलटूराम और कैलाश नारायण शुक्ल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक आस्था के साथ-साथ मंदिर क्षेत्र की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे दौरों से धार्मिक स्थलों के विकास और क्षेत्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





