15 Best News Portal Development Company In India

आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए यूपी रोडवेज की बड़ी तैयारी,28 लाख अभ्यर्थियों के लिए चलेंगी अतिरिक्त बसें

SHARE:

आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए बस स्टेशन पर खड़ी उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसें

लखनऊ,07जून(चौथा प्रहरी)। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित होगी। परीक्षा में 28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने अतिरिक्त बसों के संचालन और विशेष यातायात व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।

आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए बस स्टेशन पर खड़ी उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसें
प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम को परीक्षा के दौरान व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आवागमन को देखते हुए किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मंत्री के निर्देश पर निगम के सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। मंडल और जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ समन्वय बनाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जाएगा।
अभ्यर्थियों की मदद के लिए प्रमुख बस स्टेशनों पर परीक्षा सहायता डेस्क स्थापित किए जाएंगे। यहां परीक्षार्थियों को मार्गदर्शन और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंच आसान बनाने के लिए बसों के अस्थायी रूट में बदलाव किया जाएगा और अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जाएगा।
परिवहन विभाग ने बसों, चालकों और परिचालकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सभी चालक और परिचालकों को परीक्षार्थियों के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार करने को कहा गया है। बसों की निगरानी वीएलटीडी और जीपीएस सिस्टम के जरिए मुख्यालय और क्षेत्रीय स्तर पर रियल टाइम की जाएगी।
इसके अलावा सभी बस स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली सक्रिय रखने, साफ-सफाई, पेयजल, प्रसाधन और अन्य यात्री सुविधाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बसों की तकनीकी जांच सुनिश्चित करने के साथ प्रत्येक बस में अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पेयर व्हील और जरूरी उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया है।
मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। मार्गों पर प्रवर्तन दल लगातार सक्रिय रहेंगे और सभी डीजल पंप 24 घंटे संचालित किए जाएंगे ताकि बस संचालन प्रभावित न हो।
दयाशंकर सिंह ने प्रदेश के सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और परिवहन निगम परीक्षार्थियों के सुरक्षित, समयबद्ध और सुगम आवागमन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। साथ ही अभ्यर्थियों से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील भी की है।
परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह व्यवस्था राहत देने वाली साबित हो सकती है। अतिरिक्त बसों और विशेष निगरानी से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना आसान होगा और यात्रा संबंधी परेशानियां कम होने की उम्मीद है।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई