15 Best News Portal Development Company In India

मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर यूपी में भव्य आयोजन, लखनऊ और वाराणसी में रहेंगे सीएम योगी

SHARE:

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

(विनय प्रकाश सिंह)

लखनऊ,11जून(चौथा प्रहरी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योगी सरकार पूरे प्रदेश में विश्वास, विकास और जनकल्याण की उपलब्धियों को लेकर विशेष आयोजन करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ और वाराणसी में होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान वह मीडिया से संवाद करेंगे और मोदी सरकार की 12 वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे।

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
राजधानी लखनऊ के लोकभवन में शुक्रवार को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी देंगे। सरकार की ओर से बताया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में जनकल्याण, बुनियादी ढांचे के विकास और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के क्षेत्र में हुए कार्यों को जनता के सामने रखा जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर विकास यात्रा को दर्शाने वाली प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
इस अवसर पर भाजपा संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों के नेता भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे। इसके अलावा अपना दल (एस) के आशीष पटेल, निषाद पार्टी के डॉ. संजय निषाद, सुभासपा के ओमप्रकाश राजभर और राष्ट्रीय लोकदल के अनिल कुमार भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
मुख्य कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सरकारी आवास से इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके तहत उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की 110 इलेक्ट्रिक बसों में से पहले चरण की 45 बसों का नोएडा के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संचालन शुरू किया जाएगा। इसी दौरान नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी शुभारंभ होगा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी शामिल रहेंगे।
शाम को मुख्यमंत्री वाराणसी पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में होगा। यहां विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। शहरी आजीविका मिशन, उद्योग विभाग और अन्य विभागों से जुड़े स्टॉल भी लगाए जाएंगे। एक जनपद-एक व्यंजन जैसी पहल को भी कार्यक्रम में प्रदर्शित किया जाएगा।
इन आयोजनों के जरिए केंद्र और राज्य सरकार जनता के बीच विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास करेंगी। आने वाले समय में ऐसे कार्यक्रम सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार और लाभार्थियों से सीधे संवाद का माध्यम बन सकते हैं।

 

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854