15 Best News Portal Development Company In India

UP NEWS:यूपी सूचना विभाग ने शुरू किया ‘सूचना प्रवाह’ यूट्यूब चैनल, सरकारी योजनाओं की जानकारी अब पहुंचेगी सीधे जनता तक

SHARE:

लखनऊ,18 जून(चौथा प्रहरी)। उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल संचार को मजबूत बनाने की दिशा में एक नई पहल की है। विभाग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘सूचना प्रवाह’ का शुभारंभ गुरुवार को लोक भवन, लखनऊ में किया गया। इस चैनल के माध्यम से सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी जानकारी आम लोगों तक तेजी और आसानी से पहुंचाई जाएगी।

लोक भवन लखनऊ में सूचना विभाग के ‘सूचना प्रवाह’ यूट्यूब चैनल का शुभारंभ करते अधिकारी
चैनल का शुभारंभ सूचना निदेशक विशाल सिंह और अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने किया। इस मौके पर निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय समेत सूचना विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सूचना विभाग के अनुसार, ‘सूचना प्रवाह’ उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का आधिकारिक डिजिटल मंच होगा। इसके जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण फैसलों, उपलब्धियों और विभिन्न जनहित कार्यक्रमों की प्रमाणिक जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही विभाग द्वारा तैयार किए गए वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरक वीडियो, सरकारी अभियान और महत्वपूर्ण आयोजनों का भी नियमित प्रसारण किया जाएगा।
कार्यक्रम में सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि आज के समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में ‘सूचना प्रवाह’ सरकार और जनता के बीच संवाद का मजबूत माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि इस मंच के जरिए लोगों को योजनाओं और नीतियों की विश्वसनीय जानकारी सरल और आकर्षक रूप में उपलब्ध कराई जाएगी।
अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि विभाग नई तकनीकों को अपनाकर जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उनके अनुसार, यह चैनल प्रदेश की विकास यात्रा और सरकारी योजनाओं की जानकारी को अधिक व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने में मदद करेगा। इससे नागरिकों को समय पर सही जानकारी मिल सकेगी।
सूचना विभाग का मानना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते उपयोग के बीच यह पहल सरकारी सूचनाओं को अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही यह मंच जनता और शासन के बीच संवाद को मजबूत बनाने का भी काम करेगा।
आने वाले समय में ‘सूचना प्रवाह’ प्रदेश सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनहित से जुड़े विषयों की जानकारी का एक प्रमुख डिजिटल स्रोत बन सकता है। इससे लोगों की सरकारी योजनाओं तक पहुंच और जागरूकता दोनों बढ़ने की उम्मीद है।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई