15 Best News Portal Development Company In India

मदर्स डे पर सीएम योगी की पहल चर्चा में, कई परिवारों की बदली जिंदगी

SHARE:

लखनऊ,09 मई( चौथा प्रहरी)। मदर्स डे के मौके पर मुख्यमंत्री Yogi Adityanath से जुड़े कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें उन्होंने बच्चों और परिवारों की मदद कर मांओं के चेहरे पर मुस्कान लौटाने का काम किया। कानपुर की मूक-बधिर बच्ची खुशी गुप्ता से लेकर गोरखपुर की पंखुड़ी त्रिपाठी तक, कई परिवार ऐसे हैं जो मुख्यमंत्री की मदद को अपनी जिंदगी का बड़ा सहारा मानते हैं।

मदर्स डे पर बच्चों और परिवारों से मुलाकात करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
खुशी की जिंदगी में लौटी आवाज-कानपुर की रहने वाली खुशी गुप्ता न बोल सकती थी और न सुन सकती थी। नवंबर 2025 में वह बिना बताए घर से निकल गई और करीब 90 किलोमीटर पैदल चलकर लखनऊ पहुंच गई। बाद में उसकी मुलाकात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराई गई। खुशी ने अपने हाथों से बनाई तस्वीर मुख्यमंत्री को भेंट की।
इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग और एक फाउंडेशन की मदद से बच्ची के इलाज की व्यवस्था की गई। 26 जनवरी 2026 को उसका कॉक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन हुआ। अब खुशी सुन पा रही है और बोलना भी शुरू कर चुकी है।
बताया गया कि ऑपरेशन के बाद खुशी के मुंह से निकले पहले शब्द थे — “थैंक यू योगी जी।” यह सुनकर उसकी मां गीता गुप्ता भावुक हो गईं।
मायरा, अनाबी और वाची को भी मिली मदद-कानपुर की नन्ही मायरा की मुलाकात जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से हुई थी। मुख्यमंत्री ने उसे चॉकलेट देने के साथ उसकी पढ़ाई की चिंता भी दूर की। उनके निर्देश पर कानपुर के एक निजी स्कूल में मायरा का दाखिला कराया गया।
इसी तरह मुरादाबाद की वाची, लखनऊ की अनाबी अली और गोरखपुर की पंखुड़ी त्रिपाठी को भी शिक्षा से जुड़ी मदद मिली। किसी की फीस माफ हुई तो किसी का अच्छे स्कूल में एडमिशन कराया गया। अब ये बच्चियां अपने-अपने शहर के प्रतिष्ठित स्कूलों में पढ़ाई कर रही हैं।
मायरा की मां नेहा का कहना है कि परिवार को समय पर मदद मिली, जिससे बच्ची का भविष्य बेहतर हो सका।
जनता दर्शन में पहुंची वृद्ध मां की मदद
सितंबर महीने में कानपुर की रायपुरवा निवासी एक बुजुर्ग महिला जनता दर्शन कार्यक्रम में अपने कैंसर पीड़ित बेटे की समस्या लेकर पहुंची थीं। महिला की बात सुनकर मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद मरीज को एंबुलेंस से सीधे कैंसर अस्पताल भेजा गया और इलाज शुरू कराया गया। सरकार का कहना है कि ऐसे कई मामलों में जरूरतमंद परिवारों को तत्काल सहायता दी गई है।
सामाजिक संदेश भी दे रहे ऐसे प्रयास-प्रदेश सरकार इन घटनाओं को संवेदनशील प्रशासन और त्वरित मदद के उदाहरण के रूप में देख रही है। मदर्स डे के मौके पर सामने आई ये कहानियां यह संदेश भी देती हैं कि समय पर मदद किसी परिवार की पूरी जिंदगी बदल सकती है। खासकर बच्चों की शिक्षा और इलाज में मिली सहायता से कई परिवारों को नई उम्मीद मिली है।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854