अयोध्या,08जून(चौथा प्रहरी)। नगर निगम अयोध्या की ओर से स्वच्छता कर्मियों के लिए क्षमता संवर्धन एवं कार्यस्थल सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सोशियोवाइटल नेटवर्क फाउंडेशन, वी केयर और इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित स्वच्छता कर्मियों को सुरक्षा किट भी वितरित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मियों का प्रशिक्षित होना और उन्हें सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने लोगों से भी स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने में सहयोग करने की अपील की।

सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडेय ने प्रतिभागियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों (एमएसडब्ल्यू रूल्स 2026) की जानकारी दी। उन्होंने कचरे के पृथक्करण, वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और स्वच्छता मानकों के पालन के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन मजहर ने किया। प्रशिक्षण के दौरान स्वच्छता कर्मियों को घर-घर कचरा संग्रहण, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के उपयोग और कार्यस्थल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में एकल-उपयोग प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने, कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटने और पर्यावरण के अनुकूल व्यवस्थाओं को अपनाने पर भी जोर दिया गया। सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एजुकेशन के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव ने भी अपने विचार रखे।
नगर निगम और सहयोगी संस्थाओं ने भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई। माना जा रहा है कि इससे स्वच्छता कर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी, उनकी सुरक्षा बेहतर होगी और अयोध्या को साफ-सुथरा रखने के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





