प्रयागराज,17 जून(चौथा प्रहरी)। उत्तर प्रदेश के परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने बुधवार को संगम नगरी प्रयागराज का दौरा कर परिवहन सेवाओं, सड़क सुरक्षा और विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संभागीय परिवहन कार्यालय का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों को विभागीय सेवाएं पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।

दौरे के दौरान परिवहन आयुक्त ने कार्यालय की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि नागरिकों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो और सभी सेवाएं तय समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने विभागीय कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद आयोजित संभागीय समीक्षा बैठक में विभाग के विभिन्न कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। बैठक में राजस्व प्राप्ति, प्रवर्तन गतिविधियां, सड़क सुरक्षा अभियान और जनसेवा से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई। परिवहन आयुक्त ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और जनहित की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की सेवाओं का सीधा संबंध आम जनता से है। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्यों को जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ पूरा करें। साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
भ्रमण के दौरान आशुतोष निरंजन ने नैनी स्थित निजी क्षेत्र द्वारा संचालित अत्याधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड टेस्टिंग इंस्टीट्यूट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान में प्रशिक्षण और परीक्षण की व्यवस्था का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया तकनीक आधारित, निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशिक्षण और निष्पक्ष परीक्षण व्यवस्था से ऐसे चालक तैयार होंगे जो यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में भी मदद मिलेगी।
परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन के इस दौरे को विभागीय कार्यों की गुणवत्ता सुधारने और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके निर्देशों के बाद परिवहन सेवाओं की कार्यकुशलता बढ़ने, सड़क सुरक्षा अभियानों को मजबूती मिलने और विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की उम्मीद जताई जा रही है।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





