15 Best News Portal Development Company In India

अयोध्या में स्वच्छता के लिए महापौर की पदयात्रा, घर-घर पहुंचकर मांगा लोगों का साथ

SHARE:

अयोध्या,22मई(चौथा प्रहरी)। स्वच्छता को लेकर नगर निगम ने जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने रायबरेली रोड स्थित गुरुनानक एकेडमी से रामनगर तक पदयात्रा निकाली। इस दौरान उन्होंने लोगों से 31 मई को चलाए जाने वाले स्वच्छता महाअभियान “एक रविवार, हर परिवार, करे गंदगी पर वार” में शामिल होने की अपील की।
पदयात्रा गुरुनानक एकेडमी से शुरू होकर नाका हनुमानगढ़ी होते हुए रामनगर तक पहुंची। यात्रा में नगर निगम अधिकारियों, पार्षदों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। रास्ते में घर-घर जाकर लोगों को अभियान की जानकारी दी गई। सैकड़ों घरों के बाहर स्वच्छता अभियान के स्टीकर लगाए गए और पंपलेट भी बांटे गए।

अयोध्या में स्वच्छता अभियान के दौरान महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी की पदयात्रा
महापौर ने लोगों से कहा कि अगर अयोध्या को देश के साफ-सुथरे शहरों में शामिल करना है तो हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपने घरों और आसपास की सफाई में सहयोग करने की अपील की।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि 31 मई को सुबह सात बजे लोग अपने घरों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास सिर्फ आधा घंटा सफाई करें। इससे शहर साफ रहेगा और लोगों में लगातार सफाई रखने की आदत भी बनेगी।
पदयात्रा के दौरान कई जगह लोगों ने महापौर का स्वागत किया और अभियान में शामिल होने का भरोसा दिया। पार्षद अभिनव पांडेय और सूर्यकुमार तिवारी सूर्या ने महापौर को उनका रेखाचित्र भेंट कर सम्मानित भी किया।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि करीब एक घंटे चली इस पदयात्रा के दौरान ध्वनि विस्तारक वाहनों से लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही अभियान से जुड़ने के लिए फॉर्म भरने की जानकारी भी दी गई।
इस अभियान में अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष आलोक द्विवेदी समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
नगर निगम की ओर से स्वच्छता जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा। शनिवार सुबह सात बजे तिवारी मंदिर राम पथ से जैन मंदिर रायगंज तक एक और पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें क्षेत्रीय पार्षदों और शहर के संभ्रांत लोगों के शामिल होने की बात कही गई है।
भविष्य पर असर
नगर निगम का मानना है कि अगर लोग नियमित रूप से सफाई अभियान से जुड़ते हैं तो अयोध्या को साफ और व्यवस्थित शहर बनाने में बड़ी मदद मिलेगी। इससे न सिर्फ शहर की छवि बेहतर होगी, बल्कि लोगों में स्वच्छता को लेकर जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होगी।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854