15 Best News Portal Development Company In India

अयोध्या के 4 और चौराहे हुए हाईटेक,अब 5 प्रमुख स्थानों पर शुरू हुआ स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम

SHARE:

अयोध्या, 06जून(चौथा प्रहरी)। शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। शहर के चार और प्रमुख चौराहों पर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही अब अयोध्या के कुल पांच चौराहों पर यह आधुनिक ट्रैफिक व्यवस्था लागू हो गई है। शनिवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने जलकल परिसर स्थित आईटीएमएस कार्यालय से इसका शुभारंभ किया।

यातायात व्यवस्था को हाईटेक बनाने का शुभारंभ करते हुए महापौर और नगर आयुक्त
नगर निगम के अनुसार रकाबगंज चौराहे पर पहले से यह व्यवस्था संचालित थी। अब शांति चौक (नाका), गुदड़ी बाजार चौराहा, पोस्ट ऑफिस चौराहा और पुलिस लाइन स्थित पुष्पराज चौराहा को भी इस सिस्टम से जोड़ दिया गया है। इससे ट्रैफिक सिग्नल का संचालन अधिक व्यवस्थित होगा और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। उनका कहना था कि शहर में बढ़ते यातायात को देखते हुए स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम की जरूरत थी, जिससे जाम और अव्यवस्था को कम किया जा सके।
महापौर ने बताया कि अगले एक सप्ताह के भीतर धर्मपथ स्थित हनुमान गुफा, सिविल लाइन चौराहा, देवकाली बाईपास, मनूचा चौराहा समेत कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी आईटीएमएस प्रणाली शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद शहर में यातायात संचालन और अधिक सुचारु होने की उम्मीद है।
इस दौरान नगर निगम ने नागरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक और महत्वपूर्ण सुविधा शुरू की है। शहर के 20 प्रमुख चौराहों पर सीबी इमरजेंसी कॉल बॉक्स लगाए गए हैं। इन स्थानों पर जागरूकता संबंधी स्टीकर भी लगाए गए हैं ताकि लोग जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग कर सकें।
नगर निगम के अनुसार यदि किसी व्यक्ति के साथ सड़क दुर्घटना, चोरी या अन्य कोई आपात स्थिति होती है तो वह एसओएस बटन दबाकर सीधे नगर निगम और पुलिस प्रशासन को सूचना दे सकता है। सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियां तत्काल सहायता के लिए सक्रिय होंगी।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडे ने बताया कि आने वाले समय में शहर के 15 अन्य स्थानों पर भी आईटीएमएस सुविधा शुरू करने की योजना है। इनमें निषाद राज चौराहा, श्रीराम हॉस्पिटल तिराहा, लता चौक, हनुमान गुफा चौक, देवकाली बाईपास, अग्रसेन तिराहा, रायबरेली बाईपास, सहादतगंज बाईपास, नाका हनुमानगढ़ी, डीएम आवास चौराहा और सिविल लाइन तिराहा समेत कई प्रमुख स्थान शामिल हैं।
शहर में आईटीएमएस और इमरजेंसी कॉल बॉक्स जैसी सुविधाओं के विस्तार से न केवल ट्रैफिक प्रबंधन बेहतर होगा, बल्कि आपात परिस्थितियों में लोगों को तेजी से मदद भी मिल सकेगी। आने वाले महीनों में यह व्यवस्था अयोध्या की स्मार्ट सिटी परियोजना को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई